Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल की टाइम्स पब्लिक स्कूल ने फिर रचा कीर्तिमान, स्टेट मेरिट में तीसरी बार बनाई जगह

शहडोल।(भारती जायसवाल) शिक्षा के क्षेत्र में शहडोल का नाम रोशन करते हुए टाइम्स पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में स्कूल के छात्रों ने न सिर्फ जिला, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी अपना परचम लहराया है।

कक्षा 12वीं में निशिका गुप्ता ने किया टॉप, प्रदेश में चौथा स्थान

कक्षा 12वीं की मेधावी छात्रा निशिका गुप्ता ने 500 में से 488 अंक हासिल कर 97.6% के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में चौथा स्थान प्राप्त किया है। निशिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और स्कूल प्रबंधन को दिया। भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए निशिका ने कहा, "मैं डॉक्टर बनकर समाज के लोगों की सेवा करना चाहती हूं।" 

निशिका ने स्कूल के संचालक जितेंद्र सर की विशेष रूप से सराहना करते हुए बताया कि "जितेंद्र सर हमेशा छात्रों को प्रोत्साहित करते रहते हैं। इतना ही नहीं, आर्थिक रूप से कमजोर होनहार छात्रों की फीस में छूट देकर उन्हें भी आगे बढ़ने का मौका देते हैं।"

जिला मेरिट में भी स्कूल का दबदबा

कक्षा 12वीं की ही छात्रा जाह्नवी उपाध्याय ने 95.8% अंक हासिल कर जिला मेरिट सूची में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं कक्षा 10वीं के परिणामों में सृष्टि गौतम ने 98% अंकों के साथ स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है।
लगातार तीसरे वर्ष स्टेट मेरिट में जगह

गौरतलब है कि टाइम्स पब्लिक स्कूल का यह प्रदर्शन कोई नया नहीं है। स्कूल ने लगातार तीसरे वर्ष स्टेट मेरिट सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया है, जो संस्था की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन का प्रमाण है।

स्कूल में जश्न का माहौल

छात्रों की इस अभूतपूर्व सफलता से स्कूल परिसर में खुशी की लहर है। परिणाम आते ही स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों ने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ये बच्चे आने वाले समय में शहडोल का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे।

Post a Comment

0 Comments