Ticker

6/recent/ticker-posts

आसमानी आफत: ओलावृष्टि से सब्जी की फसल तबाह, किसानों को हुई आर्थिक क्षति

शहडोल। जिले में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। करीब 30 मिनट तक गिरे बड़े-बड़े ओलों ने किसानों की खड़ी फसल को बर्बाद कर दिया। 
सोहागपुर तहसील के सामतपुर, कठौतिया, भानपुर समेत आसपास के गांवों में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला। तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई और देखते ही देखते बड़े-बड़े ओले गिरने लगे। आधे घंटे तक हुई ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी टमाटर, भिंडी, लौकी, खीरा, बैगन जैसी सब्जियों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। खेतों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई और तैयार फसल जमीन पर बिछ गई। 
ग्रामीणों के अनुसार ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़-पौधे भी उखड़कर गिर गए। तेज हवा के साथ गिरे ओलों ने खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचाया है। 
किसानों का कहना है कि सब्जी की फसल ही उनकी आय का मुख्य जरिया थी। मंडी में भेजने के लिए कुछ फसल तैयार थी, तो कुछ दिनों में तैयार हो जाती लेकिन ओलों ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर तत्काल मुआवजे की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments